सपा से अलग होने के बाद नई पार्टी बनाएंगे स्‍वामी प्रसाद मौर्य, 22 फरवरी को दिल्‍ली में करेंगे घोषणा

समाजवादी पार्टी (सपा) की प्राथमिक सदस्यता और विधान परिषद से त्यागपत्र देने के बाद मंगलवार को स्‍वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह नई पार्टी गठित करेंगे और 22 फरवरी को राजधानी दिल्ली में इसकी घोषणा करेंगे।

मौर्य ने विपक्षी दलों के समूह ‘इंडिया’ गठबंधन को इस देश की आवश्यकता करार देते हुये यह स्पष्ट किया कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल नहीं होंगे।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्‍ट्रीय महासचिव पद से त्यागपत्र देने के एक सप्ताह बाद मौर्य ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

उन्‍होंने सपा पर तंज कसते हुये कहा, ”सपा में एक नया फैशन चल गया है। नाम है समाजवादी और समाजवाद की दुहाई देकर उसका कत्लेआम कर रहे हैं। धर्मनिरपेक्ष होने की दुहाई देकर आज यथास्थितिवादी शक्तियों को बढ़ावा दे रहे हैं।”

मौर्य ने कहा कि ”सपा छोड़ने का कारण मुख्य रूप से विचारधारा है।’’