पंजाब में प्राइवेट पेट्रोलियम कंपनी नायरा ने गुरुवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। पेट्रोल के दाम में करीब 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2 से 3 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया गया है। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों के रेट फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।
लुधियाना और मोहाली में नए रेट लागू
लुधियाना में नायरा के पेट्रोल पंप पर अब पेट्रोल 103.31 रुपये और डीजल 90.96 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि पहले 98.31 और 87.96 रुपये था। वहीं मोहाली के एयरपोर्ट रोड स्थित पंप पर पेट्रोल 98.45 रुपये से बढ़कर 103.45 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल की कीमत भी 89.12 रुपये से बढ़कर 91.12 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है। इससे पहले करीब 6 दिन पहले प्रीमियम पेट्रोल के दाम में भी 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि सामान्य पेट्रोल-डीजल के दाम तब स्थिर रखे गए थे।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान
लुधियाना के एक पेट्रोल पंप मालिक राजन कपूर ने कहा कि सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो शेयर कर बताया कि पैनिक फैलाया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पंप मालिकों के अनुसार, सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लोगों को घबराकर स्टॉक करने की जरूरत नहीं है। सप्लाई सुचारू रूप से जारी है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।
सरकारी कंपनियों के दाम स्थिर
फिलहाल इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियों ने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में बाजार में अलग-अलग कंपनियों के रेट में अंतर देखने को मिल रहा है।
Read More
एयर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट वापस लौटी दिल्ली, सामने आई ये वजह

