Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsभारत में अमेरिका के अगले राजदूत होंगे सर्जियो गोर, ट्रम्प ने सोशल...

भारत में अमेरिका के अगले राजदूत होंगे सर्जियो गोर, ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

भारत के साथ टैरिफ वॉर के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा फैसला लिया है। ट्रंप ने अपने विश्वासपात्रों में से एक सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत नियुक्त किया है। इसके साथ ही गोर को दक्षिण एवं मध्य पूर्व एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत की ज़िम्मेदारी भी सौंपी गई है। भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ के बीच ट्रंप ने यह फैसला लिया है।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं सर्जियो गोर को भारत में अपना अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत नियुक्त कर रहा हूँ। सर्जियो और उनकी टीम ने रिकॉर्ड समय में हमारी संघीय सरकार के विभागों में 4,000 से ज़्यादा अमेरिका फ़र्स्ट पैट्रियट्स की नियुक्ति की है। वे मेरे एजेंडे को आगे बढ़ाने और अमेरिका को फिर से महान बनाने में मदद करेंगे।’

सर्जियो गोर लंबे समय से ट्रंप परिवार के करीबी सहयोगी रहे हैं। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के साथ विनिंग टीम पब्लिशिंग की सह-स्थापना की। इसके तहत राष्ट्रपति ट्रंप की दो किताबें प्रकाशित हुईं। इसके अलावा, उन्होंने ट्रंप के अभियानों का समर्थन करने वाले सबसे बड़े सुपर पैक्स में से एक का संचालन किया। गोर की प्रशंसा करते हुए ट्रंप ने कहा, “सर्जियो एक बेहतरीन दोस्त और सहयोगी हैं, जो चुनाव प्रचार से लेकर प्रकाशन तक, हर कदम पर मेरे साथ रहे हैं। वह इस क्षेत्र के लिए एक बेहतरीन राजदूत साबित होंगे।”

भारत का राजदूत बनाए जाने पर सर्जियो गोर ने क्या कहा?

भारत में अगले राजदूत के रूप में नामित होने पर सर्जियो गोर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान होगा। इस प्रशासन के महान कार्यों के माध्यम से अमेरिकी लोगों की सेवा करने से ज़्यादा मुझे किसी और बात पर गर्व नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के अविश्वसनीय विश्वास और भरोसे के लिए उनका धन्यवाद किया और कहा कि यह उनके करियर का एक मील का पत्थर है।

सर्जियो गोर ट्रंप के विश्वासपात्र हैं।

गोर ने ट्रंप प्रशासन में वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हाल ही में, वह नासा प्रमुख के लिए अरबपति जेरेड इसाकमैन के नामांकन प्रक्रिया में भी शामिल थे। गोर एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं जो ट्रंप के दृष्टिकोण के अनुरूप प्रशासनिक ढांचे को ढालने में सक्षम रहे हैं।

वर्तमान में भारत में अमेरिकी राजदूत कौन हैं?

सर्जियो गोर, एरिक गार्सेटी का स्थान लेंगे, जिन्होंने 11 मई, 2023 से 20 जनवरी, 2025 तक भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में कार्य किया। उनसे पहले केनेथ जस्टर (2017-2021) इस पद पर थे। गार्सेटी के कार्यकाल की समाप्ति के बाद से, भारत में अमेरिकी दूतावास का नेतृत्व जॉर्गन के. एंड्रयूज कर रहे थे, जिन्होंने 20 जनवरी, 2025 को कार्यभार संभाला। गोर की नियुक्ति को अभी सीनेट की मंज़ूरी मिलनी बाकी है। तब तक, वह व्हाइट हाउस में अपनी वर्तमान भूमिका निभाते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments