Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsएस.जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री से की बात, आतंकवाद के खिलाफ...

एस.जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री से की बात, आतंकवाद के खिलाफ ब्रिटेन ने दिया भारत का साथ

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के सीमा पार संबंधों पर चर्चा की। विदेश मंत्री ने उन्हें आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति से अवगत कराया। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जयशंकर और लैमी ने फोन पर बात की। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। लैमी ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार से भी बात की।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “आज मैंने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से बात की। पहलगाम में सीमा पार आतंकवादी हमले पर चर्चा की। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के महत्व का जिक्र किया।”

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री डार ने लैमी से बात की

वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटिश विदेश मंत्री ने तनाव कम करने की जरूरत पर जोर दिया। पहलगाम में हुए भीषण हमले के पीछे सीमा पार संबंधों का हवाला देते हुए भारत ने हमले में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने का वादा किया है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा कि उप प्रधानमंत्री डार ने लैमी से बात की और क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देते हुए अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के पाकिस्तान के अटूट संकल्प को दोहराया। डार पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी हैं।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि डार ने लैमी को भारत के एकतरफा कदमों के बारे में जानकारी दी, जिसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करने का अवैध निर्णय भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह नई दिल्ली की ओर से अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के उल्लंघन को दर्शाता है।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने PM मोदी से बात की

जयशंकर-लैमी के बीच यह फोन वार्ता ब्रिटिश PM कीर स्टॉर्मर द्वारा PM नरेंद्र मोदी को फोन करने और पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले की निंदा करने के तीन दिन बाद हुई है। पिछले कुछ दिनों में कई विश्व नेताओं ने पहलगाम हमले की निंदा करने के लिए PM मोदी से बात की है।

इन नेताओं ने पीएम मोदी को किया फोन

PM मोदी को फोन करने वाले नेताओं में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इजरायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी शामिल हैं।

जापान के PM शिगेरू इशिबा, यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, डच प्रधानमंत्री डिक शूफ, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि पहलगाम हमले के अपराधियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments