पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस(Punjab Police) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। रोजाना हो रही छापेमारी और गिरफ्तारियों का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। अभियान के 364वें दिन तक 51 हजार से अधिक ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
364वें दिन 89 तस्कर गिरफ्तार
पंजाब पुलिस(Punjab Police) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के 364वें दिन 89 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2.3 किलोग्राम हेरोइन, 1.8 किलोग्राम अफीम, 1766 नशीली गोलियां/कैप्सूल, 15,980 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके साथ ही अभियान के 364 दिनों में कुल गिरफ्तार तस्करों की संख्या बढ़कर 51,616 तक पहुंच गई है।
राज्यभर में छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई राज्य के अलग-अलग जिलों में एक साथ की गई। एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की अगुवाई में विशेष टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
इसी के साथ कार्रवाई के दौरान 35 ऐसे लोगों की पहचान की गई, जिन्हें नशे की लत से बाहर निकालने के लिए नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में भेजने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल तस्करों पर शिकंजा कसना ही नहीं, बल्कि नशे के शिकार लोगों को मुख्यधारा में वापस लाना भी है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में अभियान
राज्य में नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए CM भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सरकार का दावा है कि संगठित ढंग से की जा रही कार्रवाई से नशा तस्करी पर प्रभावी लगाम लगाने में मदद मिल रही है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके।