PM Modi ने मॉस्को आतंकी हमले की निंदा की, कहा- ‘भारत इस दुख की घड़ी में रूस के साथ’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस की राजधानी मॉस्को में हुए आतकंवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में रूस सरकार और उसके लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। भारत दुख की इस घड़ी में रूस की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’

रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार को हमलावरों ने एक बड़े समारोह स्थल पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी जिसके कारण 60 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। हमलावरों ने गोलीबारी के बाद समारोह स्थल को आग लगा दी। इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।