Wednesday, February 18, 2026
HomeCurrent Newsजम्मू की चुनाव रैली में पीएम मोदी ने किया दावा, बोले-'पहली बार...

जम्मू की चुनाव रैली में पीएम मोदी ने किया दावा, बोले-‘पहली बार बनने जा रही लोगों की इच्छा वाली सरकार’

जम्मू-कश्मीर में 1 अक्टूबर 2024 को तीसरे और अंतिम चरण के लिए बांदीपोरा, कुपवाड़ा, बारामूला, उधमपुर, जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों की 40 सीटों पर मतदान होने वाला है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (28 सितंबर 2024) को जम्मू में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम मोदी ने दावा किया कि पहली बार जम्मू-कश्मीर में बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

‘भाजपा की पहली सरकार बनना तय है’।

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जम्मू-कश्मीर के लोग कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस तीनों परिवारों से तंग आ चुके हैं। लोग फिर से वही व्यवस्था नहीं चाहते, जिसमें भ्रष्टाचार और नौकरियों में भेदभाव हो। जम्मू-कश्मीर के लोग अब आतंकवाद और खून-खराबा नहीं चाहते। यहां के लोग शांति चाहते हैं। यहां के लोग अपने बच्चों के लिए बेहतर भविष्य चाहते हैं। इसलिए यहां के लोग भाजपा की सरकार चाहते हैं। पिछले दो चरणों में हुए भारी मतदान ने जम्मू-कश्मीर के लोगों के मूड को उजागर कर दिया है। दोनों चरणों में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त मतदान हुआ। पहली बार यहां भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली पहली सरकार बनना तय है।”

‘कांग्रेस शहरी नक्सलियों के कब्जे में है’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज की कांग्रेस पूरी तरह से शहरी नक्सलियों के नियंत्रण में है। कांग्रेस वो पार्टी है जिसने हमारी सेना से सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था। कांग्रेस वो पार्टी है जो आज भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलती है। कांग्रेस देश के लिए मरने वालों का कभी सम्मान नहीं कर सकती।” पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी संविधान के दुश्मन हैं।

उन्होंने संविधान की आत्मा का गला घोंटा है।

यहां जम्मू में कई पीढ़ियों से रह रहे कई परिवारों को वोट देने का अधिकार भी नहीं था। कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने उन्हें इस अधिकार से वंचित रखा। आज ये लोग जम्मू-कश्मीर में आ रहे बदलावों से बौखलाए हुए हैं।” पीएम मोदी ने आरोप लगाया, “कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी को आपका विकास पसंद नहीं है। ये लोग कह रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो वो पुरानी व्यवस्था वापस लाएंगे। वो फिर से भेदभाव वाली व्यवस्था वापस लाएंगे, जिसका सबसे बड़ा शिकार हमारा जम्मू हुआ है।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments