IPL 2026 का रोमांचक आगाज होने जा रहा है और टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में ही फैंस को एक बड़ा मैच देखने को मिलेगा। पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स (PBKS) अपने अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ करेगी। पंजाब के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक शुरुआत नहीं, बल्कि पिछले साल के अधूरे सपने को पूरा करने की दिशा में पहला कदम भी होगा।
ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी दोनों टीमें
पंजाब किंग्स को आईपीएल 2025 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था, जिससे उनका पहली बार खिताब जीतने का सपना टूट गया। हालांकि इस बार टीम नई ऊर्जा और नए नेतृत्व के साथ मैदान पर उतरेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब की टीम ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी और सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल के हाथों में है। टीम में जोस बटलर, राशिद खान और कगिसो रबाडा जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। ऐसे में गुजरात की टीम भी इस मुकाबले में मजबूत दावेदार नजर आती है।
हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पिच की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। मैच महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। यहां की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, जबकि मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स भी असर डाल सकते हैं। हालांकि तेज आउटफील्ड के कारण बल्लेबाजों को भी रन बनाने में मदद मिलती है।
आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में जिस तरह से 200 से ज्यादा के स्कोर देखने को मिले हैं, उससे यह साफ है कि बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं। ऐसे में इस मैच में भी हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।
दोनों टीमों के स्क्वाड पर नजर डालें तो पंजाब के पास मार्कस स्टोइनिस, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी हैं, जो मैच का पासा पलट सकते हैं। वहीं गुजरात के लिए मोहम्मद सिराज और साई सुदर्शन अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कुल मिलाकर यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है, जहां दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी। फैंस को एक कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह मैच आईपीएल 2026 के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक साबित हो सकता है।