अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने चांद पर स्थायी बेस बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 20 अरब डॉलर खर्च किए जाएंगे। नासा ने चंद्र मिशन को तेज करने, विज्ञान अभियानों का विस्तार करने और चांद पर दीर्घकालिक उपस्थिति स्थापित करने के लिए कई नई पहल शुरू करने की घोषणा की है।
लूनर गेटवे स्टेशन योजना रद्द
नासा ने चंद्रमा की कक्षा में ‘लूनर गेटवे’ स्पेस स्टेशन बनाने की योजना को फिलहाल रोकने का फैसला किया है। एजेंसी के प्रमुख जेरेड इसाकमैन ने कहा कि अब इस संसाधन का उपयोग अगले सात वर्षों में चंद्रमा की सतह पर स्थायी बेस विकसित करने में किया जाएगा।
आर्टेमिस मिशन में बड़े बदलाव
नासा प्रमुख ने वॉशिंगटन मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि आर्टेमिस मिशन के तहत कई अहम बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिर से “असंभव को संभव” करने के लिए तैयार है और लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में चंद्रमा पर मानव की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
चंद्र सतह के इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
नासा अब चंद्रमा की सतह पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रहा है, ताकि वहां लगातार संचालन संभव हो सके। पहले ‘लूनर गेटवे’ को रिसर्च प्लेटफॉर्म और ट्रांसफर स्टेशन के रूप में तैयार किया जा रहा था, लेकिन अब रणनीति में बदलाव किया गया है।
2027 से शुरू होंगे नियमित मिशन
नासा की योजना के तहत 2027 में आर्टेमिस-III मिशन के बाद चंद्रमा पर नियमित लैंडिंग शुरू की जाएगी। शुरुआत में हर साल कम से कम एक मिशन और बाद में हर छह महीने में लैंडिंग का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही दोबारा उपयोग योग्य तकनीक पर जोर दिया जाएगा, जिससे मिशन की लागत कम की जा सके।
Read More
35 दिन में LPG सिलेंडर होगा बुक ? सरकार ने तोड़ा भ्रम, जानें क्या कहता है असली नियम…

