मप्र: सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों के मारे जाने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही राष्ट्रपति मुर्मू ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के बड़झर घाट के पास एक वाहन के पलट कर गहरी घाटी में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा “मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है, मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मेरी प्रार्थना है कि इस हादसे में घायल हुए सभी लोग शीघ्र स्वस्थ हों।”