ईरान की राजधानी तेहरान में गुरुवार रात करीब 8 बजे पाकिस्तान दूतावास के पास जोरदार विस्फोट हुआ। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब तेहरान लगातार 28वें दिन हवाई हमलों का सामना कर रहा है। राहत की बात यह है कि दूतावास के सभी कर्मचारी और राजदूत सुरक्षित हैं और परिसर को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है।
पासदरान इलाके में धमाकों से हड़कंप
विस्फोट तेहरान के संवेदनशील पासदरान इलाके में हुए, जहां पाकिस्तान दूतावास और राजदूत का आवास है। सूत्रों के मुताबिक, इन धमाकों का निशाना पास में मौजूद ईरानी सैन्य ठिकाना हो सकता है। धमाके इतने तेज थे कि आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किया गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट पर आ गईं।
बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद दूतावास के सभी कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ईरान में जारी संघर्ष के बीच सभी राजनयिक मिशन हाई अलर्ट पर हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।
कुवैत में बंदरगाह पर ड्रोन हमला
इसी बीच शुक्रवार को कुवैत के शुवैख बंदरगाह पर ड्रोन हमला हुआ। यह बंदरगाह देश का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। हमले में माल को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कुवैत पोर्ट अथॉरिटी ने इस हमले की पुष्टि की है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के चलते पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रहे हमले और जवाबी कार्रवाई से हालात और जटिल होते जा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र के साथ मिलकर युद्धविराम की कोशिशों में जुटा है। पाकिस्तान ने दोनों पक्षों से अपील की है कि राजनयिक मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक रास्ता अपनाया जाए।
लगातार निगरानी में हालात
तेहरान में पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सिर टिप्पू और उनका स्टाफ वहीं मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
Read More

