महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को भगवान शिव का अवतार बताने वाले एक स्वयंभू बाबा पर महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, पुणे निवासी 35 वर्षीय महिला ने 40 वर्षीय आरोपी ऋषिकेश वैद्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत तब सामने आई जब हाल ही में नासिक में अशोक खरात की गिरफ्तारी हुई, जिससे पीड़िता को सामने आने का साहस मिला।
फेसबुक से शुरू हुआ संपर्क, फिर किया शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला की आरोपी से पहली मुलाकात साल 2023 में फेसबुक के जरिए हुई थी। शिकायत के मुताबिक, दिसंबर 2023 में आरोपी पुणे आया और उसने खुद को भगवान शिव का अवतार बताते हुए महिला को ‘पार्वती’ बताया।
आरोप है कि आरोपी महिला को पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में ले गया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। साथ ही, आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं।
ब्लैकमेल और दोबारा शोषण की कोशिश
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने इन तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल किया और मई 2024 में दोबारा यौन शोषण की कोशिश की। महिला का दावा है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया हो सकता है।
सामाजिक संस्था का अध्यक्ष है आरोपी
बताया जा रहा है कि ऋषिकेश वैद्य ‘आमची वसई’ नामक एक सामाजिक संस्था का अध्यक्ष है और अध्यात्म के नाम पर लोगों से जुड़ा रहता था।
आरोपी की तलाश में पुलिस, जांच जारी
वसई के माणिकपुर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक हीरालाल जाधव ने बताया कि अपराध पुणे में हुआ, इसलिए केस को हडपसर थाने ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस उपायुक्त (अपराध) निखिल पिंगले ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
आरोपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
READ MORE: शादी के बाद विवादों में मोनालिसा: परिवार और डायरेक्टर पर लगाए संगीन आरोप

