महाराष्ट्र विधानसभा(Maharashtra Assembly) सत्र के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, जब नकली एंट्री पास बनाने का मामला उजागर हुआ। मुंबई की मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी में शामिल कुछ आरोपी मंत्रालय के कर्मचारियों के भी बताए जा रहे हैं, जिससे विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा सत्र के दौरान प्रवेश के लिए फर्जी पास बनाए जाने की शिकायत मिली थी। इस मुद्दे को राज्य सरकार में मंत्री उदय सामंत ने गंभीरता से उठाया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने केशव गुंजल (53), गणपत भाऊ जावले (50), नागेश शिवाजी पाटिल (42), मनोज आनंद मोरबले (40) और स्वप्निल रमेश तायडे (40) को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये सभी अवैध रूप से विधानसभा परिसर में प्रवेश के लिए नकली एंट्री पास तैयार कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और उनकी तलाश जारी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरे जाल का पता लगाया जा सके।
विधानसभा सत्र और महत्वपूर्ण बिल
महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 25 मार्च तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 6 मार्च को राज्य का बजट पेश किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद यह जिम्मेदारी उन्होंने संभाली। सत्र में ‘महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता विधेयक 2026’ और ‘भारतीय न्याय संहिता (महाराष्ट्र संशोधन) विधेयक 2026’ जैसे महत्वपूर्ण कानून पास किए गए।
इस पूरे मामले ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है और अधिकारियों द्वारा भविष्य में ऐसी चूक को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढें : देशभर में बनेगा रेल अंडरपास, हादसों पर लगेगी लगाम…जानें क्या है रेल…

