जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। डांगडरो इलाके में स्थित एचआरटी (हेड रेस टनल) प्रोजेक्ट साइट पर अचानक भूस्खलन हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है।
प्रोजेक्ट साइट पर अचानक गिरा पहाड़ से मलबा
अधिकारियों के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब प्रोजेक्ट साइट पर एक वाहन खड़ा था। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिससे वहां मौजूद वाहन उसकी चपेट में आ गया। इस दौरान कई लोग मलबे के नीचे दब गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
बचाव दल ने शुरू किया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। टीमों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। रेड क्रॉस सोसायटी किश्तवाड़ यूनिट के मुताबिक अब तक मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान डोडा निवासी शहनवाज अहमद और किश्तवाड़ जिले के पालमार निवासी निशात अहमद के रूप में हुई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
कई लोगों के लापता होने की आशंका
अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन के बाद अभी भी कुछ लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर बचाव और तलाशी अभियान लगातार जारी है और टीमों द्वारा मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत टीमें भी तैनात की जाएंगी।
Read More

