भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 की शुरुआत को लेकर एक संवेदनशील और बड़ा फैसला लिया है। इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ की दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी।
पीड़ितों को श्रद्धांजलि
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक इंटरव्यू में पुष्टि की कि 4 जून 2025 को हुई इस त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए यह कदम उठाया गया है। 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले पहले मुकाबले,रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच से पहले कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।
समापन समारोह होगा भव्य
हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत सादगी से होगी, लेकिन समापन को यादगार बनाने की पूरी तैयारी है। 31 मई को फाइनल मैच के दिन भव्य क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। पिछले साल ईडन गार्डन्स में हुए समारोह में शाहरुख खान, श्रेया घोषाल और करण औजला जैसे सितारों ने शानदार प्रस्तुतियां दी थीं। इस साल भी इसी तरह की चमक-धमक देखने को मिल सकती है।
संवेदनशीलता की मिसाल
यह पहली बार नहीं है जब बीसीसीआई ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ऐसा फैसला लिया हो। पुलवामा हमले के बाद भी 2019 में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी गई थी और उस बजट को शहीद जवानों के परिवारों को दान कर दिया गया था। बीसीसीआई जल्द ही आईपीएल 2026 के बाकी मैचों का पूरा शेड्यूल जारी करने वाला है। इस फैसले को खेल जगत में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
अक्षरधाम मंदिर में हुई आज 108 फीट ऊंची नीलकंठ वर्णी मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा, ये है दुनिया की सबसे ऊंची ‘एक पांव पर खड़ी’ मूर्ति