Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsपहले से भव्य होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, तीर्थों पर गूंजेगी गीता वाणी...

पहले से भव्य होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, तीर्थों पर गूंजेगी गीता वाणी और मनाया जाएगा महापर्व

चंद्रशेखर धऱणी, चंडीगढ़ : हर साल की तरह इस बार कुरुक्षेत्र में 28 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 28 नवंबर से शुरू होकर यह महोत्सव 15 दिसंबर तक चलेगा। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 5 दिसंबर से 11 दिसम्बर तक आयोजित होंगे। यातायात की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से प्रदेश सरकार ने गीता महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की थी। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में तंजानियां पार्टनर देश होगा तथा उड़ीसा पार्टनर राज्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर क्राफ्ट और सरस मेले का भी आयोजन होगा।

48 कोस के तीर्थों पर गूंजेगी गीता वाणी

महाभारत धरा के 48 कोस के तीर्थों पर गीता वाणी की गूंज सुनाई देगी। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 48 कोस तीर्थ कमेटी द्वारा तीर्थों पर गीता महोत्सव के आयोजन की तैयारियों का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। यही नहीं 48 कोस के तीर्थों के जीर्णोद्धार को लेकर भी केडीबी ने रूपरेखा तैयार की है। लुप्त हो चुके तीर्थों को भी नई पहचान दिलाने के लिए 48 कोस तीर्थ कमेटी कवायद में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी तीर्थों के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 48 कोस तीर्थ कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की।

उन्होंने भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने पर आभार जताया। इसके साथ ही नायब सैनी को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का बधाई दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ स्मृति चिन्ह के तौर पर भेंट किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के साथ 48 कोस के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तीर्थों के जीर्णोद्धार को लेकर केडीबी रोडमैप तैयार करेगी। पर्यटकों को तीर्थों की महत्ता बारे अवगत कराने के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ब्रह्मसरोवर पर गीता महोत्सव के आयोजन के साथ सभी तीर्थों पर कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है।

11 दिसंबर को मनाया जाएगा महापर्व

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 48 कोस तीर्थ कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि 11 दिसंबर को सभी तीर्थों पर महापर्व मनाया जाएगा। ब्रह्मसरोवर पर सायं के समय दीपदान होगा तो 48 कोस के तीर्थ दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। यही नहीं अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम का आयोजन होगा। हर तीर्थ पर तीर्थ की महत्ता को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में स्थानीय लोगों की भागेदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार अभियान चलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments