Tuesday, March 3, 2026
Home Current News ‘ऑपरेशन हेरोफ’ में BLA का बड़ा दावा, 14 शहरों पर एक साथ...

‘ऑपरेशन हेरोफ’ में BLA का बड़ा दावा, 14 शहरों पर एक साथ हमला, अब तक मारे 362 पाकिस्तानी सैनिक

Advertisement

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच आजादी समर्थक संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बड़े और खतरनाक सैन्य अभियान को अंजाम देने का दावा किया है। संगठन के मुताबिक, ‘ऑपरेशन हेरोफ’ नाम का यह अभियान छह दिनों तक चला और इसमें पाकिस्तानी सेना को राजनीतिक, मनोवैज्ञानिक और सैन्य स्तर पर भारी नुकसान पहुंचाया गया।

31 जनवरी से 6 फरवरी तक चला अभियान

BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने बताया कि ऑपरेशन 31 जनवरी की सुबह 5 बजे शुरू हुआ और 6 फरवरी की शाम 4 बजे समाप्त हुआ। यह अभियान बलूचिस्तान के कुल 14 शहरों में चलाया गया। संगठन का दावा है कि यह उसके इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा, तेज और सुनियोजित सैन्य ऑपरेशन था।

कई शहरों में एक साथ हमले

BLA प्रवक्ता के अनुसार, बलूच लड़ाकों ने एक ही समय में कई जगहों पर हमले किए। इन हमलों के दौरान सुरक्षा चौकियों, सैन्य ठिकानों और कुछ शहरी इलाकों पर अस्थायी कब्जा भी किया गया। कई शहरों में BLA की इकाइयों ने लगातार छह दिनों तक मोर्चा संभाले रखा, जिससे पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को पीछे हटना पड़ा। BLA ने स्वीकार किया कि इस ऑपरेशन में उसके 93 लड़ाके मारे गए। इनमें मजीद ब्रिगेड के 50, फतेह स्क्वाड के 26 और स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वाड के 17 सदस्य शामिल हैं।

362 से अधिक मारे गए पाकिस्तानी सैनिक

संगठन का दावा है कि ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी सेना, फ्रंटियर कोर, पुलिस और राज्य समर्थित सशस्त्र समूहों के 362 से अधिक जवान मारे गए। इसके अलावा 17 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाए जाने की भी बात कही गई है।

कुछ बंधकों को किया गया रिहा

प्रवक्ता ने बताया कि हिरासत में लिए गए 17 लोगों में से 10 को चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया, क्योंकि वे बलूच समुदाय से थे। वहीं सात लोग अभी भी संगठन की हिरासत में हैं। BLA ने आरोप लगाया कि शेष बंधकों पर कथित युद्ध अपराधों और नरसंहार में शामिल होने के आरोप हैं।