साल के अंतिम दिन CM मनोहर लाल ने किया जनता से संवाद, प्रदेश वासियो को दी नए साल की शुभकामनाएं

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल साल के अंतिम दिन जनता से सीधा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। CM ने प्रदेश के सभी लोगों को नव वर्ष 2023 की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष सभी के लिए सुख और समृद्धि लेकर आए। सभी निरोगी व स्वस्थ रहें और प्रदेश और देश की उन्नति में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान देते रहें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी का कार्ड गलत तरीके काटा गया है तो जनवरी के महीने में ही उसे ठीक किया जाएगा। इसके साथ ही गलती सुधार के रूप में राशन कार्ड धारक को सरकार डबल राशन देगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को 20 किलो राशन मिलता है तो सरकार उसे 40 किलो राशन देगी। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से इसकी वसूली भी सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार राज्य के प्रदूषण के स्तर को सुधारने के लिए बड़े काम कर रही है। हाल ही में स्क्रैप पॉलिसी लेकर सरकार आई है। इसके तहत 10 साल डीजल की पुरानी गाड़ियों को एनसीआर में बैन किया गया है। जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस आधारित वाहनों पर सरकार ज्यादा जोर दे रही है। पेड़ लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। 85 प्रतिशत गांवों में चौबीस घंटे बिजली दे रहे हैं। गांव गांव में सड़कों का जाल बिछाया है। कोई गांव ऐसा नहीं है, जहां सड़कें न हों। गांव की छोटी सरकार को स्वायत कैसे किया जाए इसके लिए काम किया है। इनको कैसे आत्मनिर्भर बनाया जाए इस पर काम किया है। गांव के कर्मचारियों को नियमित तनख्वाह दी जा रही है। गांव की सरकार को विकास के लिए पैसे खर्च करने की स्वतंत्रता दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान आज देश के विकसित राज्यों में होने लगी है और इसका कारण सरकार की नीतियों के साथ-साथ प्रत्येक हरियाणवी की मेहनत और अथाह परिश्रम भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा एक -हरियाणवी एक के मंत्र पर चलते हुए प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित किया है, जिसके फलस्वरूप आज समाज का प्रत्येक वर्ग हमारी नीतियों के साथ खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है।