Hanuman Jayanti 2026: चैत्र पूर्णिमा का दिन हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी तिथि पर हनुमान जी का जन्म माना जाता है। इस वर्ष यह पर्व 2 अप्रैल को मनाया जाएगा। देशभर में भक्त पूरे श्रद्धा भाव से हनुमान जी की पूजा-अर्चना करते हैं, मंदिरों में भीड़ उमड़ती है और प्रसाद चढ़ाकर आशीर्वाद लिया जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई पूजा से भय, बाधाएं और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं।
हनुमान जयंती पर रखें इन बातों का खास ख्याल
धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय दृष्टिकोण के अनुसार, इस दिन कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। इन नियमों की अनदेखी करने से पूजा का फल कम हो सकता है और बजरंगबली अप्रसन्न हो सकते हैं।
न करें किसी जीव को परेशान
हनुमान जयंती के दिन किसी भी जीव, खासकर वानर या जानवरों को परेशान करना अशुभ माना जाता है। ऐसी हरकतें हनुमान जी को नाराज कर सकती हैं, इसलिए इस दिन दया और करुणा का भाव रखना चाहिए।
महिलाएं न करें हनुमान जी की प्रतिमा को स्पर्श
इसके अलावा, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महिलाओं द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा को स्पर्श न करने की भी मान्यता है। इसका कारण यह बताया जाता है कि हनुमान जी बाल ब्रह्मचारी हैं, इसलिए उनकी पूजा दूर से ही करना उचित माना जाता है।
भगवान राम का करें सम्मान
धार्मिक ग्रंथों में यह भी कहा गया है कि इस दिन राम जी का सम्मान करना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति राम जी की उपेक्षा करता है, तो हनुमान जी प्रसन्न नहीं होते। इसलिए हनुमान पूजा के साथ राम भक्ति भी जरूरी मानी गई है।
न करें नमक का सेवन
व्रत रखने वाले लोगों को इस दिन नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। पारंपरिक मान्यता के अनुसार, मीठे भोजन से व्रत खोलना शुभ होता है। इसके साथ ही खान-पान में शुद्धता बनाए रखना भी आवश्यक है। मांस, मछली, अंडा, प्याज और लहसुन जैसे तामसिक भोजन से दूर रहने की सलाह दी जाती है, ताकि मन शांत और पूजा फलदायी बनी रहे।
वस्त्रों को लेकर भी विशेष नियम
वस्त्रों को लेकर भी विशेष नियम बताए गए हैं। हनुमान जयंती पर काले या सफेद रंग के कपड़े पहनना अशुभ माना जाता है। इसके बजाय लाल रंग के वस्त्र धारण करना शुभ होता है, क्योंकि यह रंग हनुमान जी को प्रिय है।
नियमों से करें पूजा
कुल मिलाकर, हनुमान जयंती के दिन श्रद्धा, संयम और नियमों का पालन करना ही पूजा को सफल बनाता है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर भक्त बजरंगबली की कृपा प्राप्त कर सकते हैं और जीवन में सुख-शांति ला सकते हैं।
Read More:
1 अप्रैल से टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस, बिना FASTag पहुंचे तो लगेगा भारी जुर्माना, जानिए नए नियम

