Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsदिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटी, बारिश के बाद एयर क्वालिटी में...

दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटी, बारिश के बाद एयर क्वालिटी में हुआ सुधार

वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए दिल्ली-NCR से GRAP के तीसरे चरण को हटा दिया गया है। शुक्रवार (27 दिसंबर) को जारी आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। GRAP-1 और GRAP-2 फिलहाल लागू रहेंगे। राजधानी दिल्ली में बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

दिल्ली में अगले दो दिनों तक बारिश का अनुमान

आपको बता दें कि दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’ लागू है। बारिश के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने दिन में और बारिश होने का अनुमान जताया है। बारिश के कारण दक्षिण, मध्य और उत्तरी दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-NCR (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में तड़के करीब ढाई बजे बारिश शुरू हुई।

कहां कितनी बारिश?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से सुबह 11.30 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग स्थित वेधशाला में 9.1 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। पालम वेधशाला ने 8.4 मिमी, लोधी रोड ने 10.8 मिमी, रिज ने 9 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय ने 11 मिमी और पूसा ने 9.5 मिमी वर्षा दर्ज की।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े।

राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता 372 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। गुरुवार शाम चार बजे 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 345 दर्ज किया गया। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments