Sunday, March 8, 2026
Home राज्य पंजाब राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात,...

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, सीमा सुरक्षा जैसे कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Advertisement

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब राज्यपाल हाल ही में पंजाब के सीमावर्ती जिलों का दौरा पूरा कर लौटे हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से मुलाकात की तस्वीरें जारी की गई हैं। इस बैठक के दौरान सीमा सुरक्षा और नशा तस्करी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

9 से 12 फरवरी तक सीमावर्ती दौरा

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने 9 से 12 फरवरी के बीच पंजाब के बॉर्डर जिलों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति के समर्थन में पदयात्रा भी निकाली, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने भाग लिया। दौरे के बाद राज्यपाल ने कहा था कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और नशे की समस्या में कुछ कमी देखने को मिली है।

ड्रोन के जरिए तस्करी बड़ी चुनौती

पंजाब का पाकिस्तान से सटा सीमावर्ती क्षेत्र लंबे समय से नशा और हथियार तस्करी की समस्या से जूझ रहा है। हाल के वर्षों में ड्रोन के माध्यम से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी में बढ़ोतरी हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका के चलते सीमा पर सुरक्षा बलों की तैनाती लगातार बढ़ाई गई है।

सीमावर्ती गांवों की समस्याएं भी अहम

सीमा पार फेंसिंग के बाहर किसानों की जमीन होने के कारण उन्हें खेती के लिए विशेष अनुमति लेनी पड़ती है, जिससे उन्हें प्रशासनिक और समय संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी भी प्रमुख मुद्दा बनी हुई है। ऐसे में राज्यपाल और रक्षा मंत्री की यह मुलाकात सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।