कीमती धातुओं में जारी गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को भी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दबाव में दिखे। खासतौर पर चांदी के भाव में खुलते ही जोरदार गिरावट दर्ज की गई। अपने ऑल टाइम हाई से चांदी 1.80 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना भी करीब 38 हजार रुपये नीचे आ गया है।
क्या फूट गया चांदी का बुलबुला?
कुछ ही दिनों पहले तक रिकॉर्ड स्तर छूने वाली चांदी अब तेज करेक्शन के दौर से गुजर रही है। 29 जनवरी को पहली बार सिल्वर प्राइस 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंचा था और 4,20,048 रुपये प्रति किलो के लाइफ टाइम हाई पर पहुंच गया था।
अब उसी स्तर से चांदी 1,80,157 रुपये प्रति किलोग्राम तक फिसल चुकी है। बाजार विश्लेषकों के अनुसार यह तेजी के बाद आई मुनाफावसूली और तकनीकी करेक्शन का असर हो सकता है।
मंगलवार को खुलते ही 4,600 रुपये की गिरावट
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का भाव सोमवार के 2,39,891 रुपये प्रति किलो के बंद स्तर से गिरकर 2,35,206 रुपये पर खुला। फिलहाल दोपहर 3 बजकर 58 मिनट के अनुसार चांदी की कमीत 2,33,150 प्रति किलो है।
सोना भी दबाव में
चांदी के साथ-साथ सोना भी कमजोरी दिखा रहा है। 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर का भाव अपने पिछले बंद 1,54,760 रुपये से गिरकर 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस तरह MCX गोल्ड रेट में 1,210 रुपये की गिरावट देखी गई।
अपने हाई से कितना टूटा सोना?
29 जनवरी को सोने ने भी ऐतिहासिक ऊंचाई छुई थी। 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,93,096 रुपये के लाइफ टाइम हाई तक पहुंच गया था। उस स्तर के बाद शुरू हुई गिरावट अब तक जारी है। मौजूदा स्तर पर सोना अपने उच्चतम भाव से 38,336 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है।