लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोशी का निधन

लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोशी का शुक्रवार को मुंबई के पी डी हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया।

अस्पताल ने बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री जोशी (86) को दिल का दौरा पड़ने के बाद 21 फरवरी को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने शुक्रवार तड़के अंतिम सांस ली। जोशी को पिछले वर्ष मई में मस्तिष्काघात के बाद भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जोशी सर के नाम से लोकप्रिय मनोहर जोशी अविभाजित शिवसेना से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे और उन्होंने 1995 से 1999 तक इस पद पर सेवाएं दीं। जोशी संसद के सदस्य भी चुने गए थे और वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे।