Dhurandhar 2 Advance Booking: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका करती नजर आ रही है। देशभर में फिल्म के लिए जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। 18 मार्च से शुरू हो रहे पेड प्रीव्यू और 19 मार्च के ओपनिंग डे के लिए अब तक 26,761 शो में 12.64 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं, जिससे एडवांस बुकिंग के आंकड़े रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।
देशभर में फिल्म का जलवा
फिल्म की भारी मांग को देखते हुए मुंबई, पुणे और अहमदाबाद जैसे शहरों में सिनेमाघरों ने 24 घंटे शो चलाने का फैसला लिया है। कई जगहों पर तड़के 2 बजे से शो शुरू होकर सुबह 6 बजे तक चलेंगे। करीब 3 घंटे 55 मिनट की लंबी अवधि के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। पेड प्रीव्यू से ही फिल्म ने शानदार कमाई कर ली है। 18 मार्च को शाम 5 बजे से तड़के 3:15 बजे तक रखे गए 11,279 शोज के लिए 7.83 लाख टिकट बिक चुके हैं, जिससे 35.63 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई है। ब्लॉक सीटों को मिलाकर यह आंकड़ा 40.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान 34.02 करोड़ रुपये का है।
19 मार्च के लिए एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही
ओपनिंग डे यानी 19 मार्च के लिए भी एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। अब तक 15,482 शोज के लिए 4.80 लाख टिकट बिक चुके हैं, जिससे 20.82 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। ब्लॉक सीटों के साथ यह आंकड़ा 29.18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म को दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद में सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त मांग है। पहले वीकेंड के लिए विदेशों में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। कुल मिलाकर फिल्म ने रिलीज से पहले ही करीब 129.76 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है।
‘धुरंधर’ ने 1005 करोड़ की कमाई कर रचा था इतिहास
बीते साल रिलीज हुई ‘धुरंधर’ के पहले भाग ने 1005 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर इतिहास रचा था। अब इसका सीक्वल पांच भाषाओं में रिलीज हो रहा है, जिससे इसकी पहुंच और भी बढ़ गई है। ट्रेड एनालिस्ट्स का अनुमान है कि फिल्म पहले दिन दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है।
फिल्म बना सकती है एक नया रिकॉर्ड
फिल्म के क्रेज का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि मुंबई के मशहूर मराठा मंदिर में 31 साल से चल रही ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के शो का समय बदलकर ‘धुरंधर 2’ के लिए जगह बनाई गई है। करीब 225 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन और अन्य कलाकार नजर आएंगे। ऐसे में ‘धुरंधर 2’ की शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनने की पूरी संभावना है।
Read More:
CM रेखा गुप्ता का ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए बड़ा फैसला, DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर को मंजूरी

