गोरखपुर में होली के मौके पर लोगों के साथ उत्सव मनाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
करीब 150 लोगों से की मुलाकात
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 150 फरियादियों से मुलाकात की। CM ने लोगों से मिले प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि हर मामले में जल्द कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर मामले का समाधान पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए, क्योंकि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
अवैध कब्जा करने वालों पर सख्ती
जनता दर्शन के दौरान जमीन विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए और पीड़ितों की हर संभव मदद की जाए।