पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पटियाला में पीआरटीसी (PRTC) के बेड़े में 250 नई बसों को शामिल करते हुए उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया और विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
250 नई बसों से मजबूत होगा ट्रांसपोर्ट सिस्टम
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नई बसों के शामिल होने से राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर मिलेगा, खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर हो सकेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
CM भगवंत सिंह मान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां “घंटे-घंटे के लिए मुख्यमंत्री बनते हैं।” उन्होंने विपक्ष पर जनता के मुद्दों से दूर रहने और सिर्फ आलोचना करने का आरोप लगाया।
महिलाओं को आर्थिक सहायता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें समय से पहले पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन अब एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये देने का फैसला लिया गया है। विपक्ष के इस फैसले पर सवाल उठाने पर सीएम भगवंत सिंह मान ने तंज कसते हुए कहा कि “कुछ लोग 10 हजार का एक टाइम का डिनर कर जाते हैं और 1500 रुपये को कम बताते हैं, जबकि यह रकम किसी गरीब परिवार के लिए पूरे महीने का सहारा बन सकती है।”
पेंशन प्रक्रिया में राहत
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पेंशन प्रक्रिया को आसान बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब पेंशन के लिए फिंगरप्रिंट मैचिंग की शर्त हटा दी गई है। अब केवल फोटो के आधार पर ही प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य लोगों को सीधी और सरल सेवाएं देना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
Read More

