मुख्यमंत्री ने दी सौगात, 313 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश के इस जिले की सूरत

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वर्तमान राज्य सरकार के 10 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगने वालों को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उनकी सरकार कमीशन मोड में काम करती थी, जबकि हमारी सरकर मिशन मोड में काम करती है।

Jul 26, 2024 - 11:30
 22
मुख्यमंत्री ने दी सौगात, 313 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश के इस जिले की सूरत
मुख्यमंत्री ने दी सौगात, 313 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश के इस जिले की सूरत
मुख्यमंत्री ने दी सौगात, 313 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश के इस जिले की सूरत

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़:

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फतेहाबाद  जिले को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 313 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। जिला फतेहाबाद में आयोजित प्रगति रैली में मुख्यमंत्री ने घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए फतेहाबाद में विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपए राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बड़ोपल में वन्यजीव उपचार केंद्र बनाया जाएगा। सरकार की पॉलिसी अनुसार रास्तों के बीच में लगे खंभों और घरों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली की तारों को निगम की ओर से निशुल्क हटाया जाएगा। वहीं विभिन्न गांवों में जहां वोल्टेज कम है, वहां बिजली विभाग द्वारा बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।

भूना उपमंडल और भट्टू बनेगा तहसील

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूमि उपलब्ध होने पर वार्ड नंबर 13-14 में बूस्टिंग स्टेशन बनाया जाएगा। फतेहाबाद के मिनी बाइपास का नवीनीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूना को उपमंडल तथा भट्टू को तहसील बनाने पर सरकार द्वारा गठित कमेटी विचार कर रही है, मानदंड पूरा होते ही इन्हें उपमंडल और तहसील बनाया जाएगा।

‘क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर किया काम’

नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस रैली में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति हमारी सरकार के कार्यों और नीतियों के प्रति अपने समर्थन और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता ने हरियाणा बनने के बाद प्रदेश में कई सरकारों के कामकाज को देखा है, लेकिन विकास के मामले उनमें क्षेत्रवाद हावी रहा। हमारी सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से प्रदेश के हर क्षेत्र में समान विकास किया है। हमने जिला, शहर और हलके से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश को एक दृष्टि से देखा है। क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर हमने पूरे हरियाणा की तरक्की और खुशहाली के लिए काम किया है।

‘पिछली सरकार कमीशन मोड में करती थी काम’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वर्तमान राज्य सरकार के 10 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगने वालों को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उनकी सरकार कमीशन मोड में काम करती थी, जबकि हमारी सरकर मिशन मोड में काम करती है। उनके राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था, जिनके पास सिफारिश होती थी, पैसे होते थे, उन्हें ही सरकारी नौकरी मिलती थी। जबकि हमने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है और मेरिट पर युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। हमारी सरकार ने ऐसे बिचौलियों की दुकानें बंद करवा दी हैं, जो सरकारी नौकरियां दिलवाने में या लोगों के सरकारी कामकाज करवाने में दलाली करते थे। हमने प्रदेश को भय-भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद से मुक्त करके विकसित प्रदेश बनाया है।

‘जिनके खुद के बहीखाते खराब हैं’, ‘वे हिसाब मांग रहे हैं’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके खुद के बहीखाते खराब हैं, जिन्होंने भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद को जन्म दिया और लोगों को उनकी हालात के ऊपर छोड़ने का काम किया, वे आज हमसे हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल का हिसाब तो वे युवा देते हैं, जिन्हें बिना खर्ची व पर्ची के सरकारी नौकरी मिली है। वह गरीब व्यक्ति दे रहा है, जिसका इलाज आज मुफ्त हो रहा है। वह किसान दे रहा है, जिसके खाते में फसल बीमा और मुआवजे की राशि सीधे जा रही है। वे बुजुर्ग दे रहे हैं, जिन्हें अब पेंशन बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते बल्कि घर बैठे उनकी पेंशन बन जाती है। पहले की सरकार में पेंशन बनवाने के लिए बुजुर्गों को 6-6 माह तक दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे।

‘विदेशों में हो रही आज हरियाणा के विकास की चर्चा’

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में फतेहाबाद शहर की हालात दूर-दराज के गांव जैसी थी। सड़कें टूटी पड़ी थीं, पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई थी, बिजली कम आती थी। बारिश में जलभराव होता था। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने यहां विकास के पहिये को निरंतर गतिशील किया है। यहां करोड़ों रुपए की लागत के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और करोड़ों रुपए के कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में 4-6 लेन हाइवे का जाल बिछाने का काम किया है। यातायात को सुगम बनाने के लिए बाईपास, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज व अंडर ब्रिज बनाने का काम किया गया है। उच्च कोटि के शिक्षण संस्थान बनने से शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग का सूत्रपात हो रहा है। आज हरियाणा के विकास की देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा हो रही है।

बन रहा है संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास राजकीय मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने का हमारा लक्ष्य है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए फतेहाबाद के गांव रसूलपुर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास राजकीय मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है। इसी प्रकार से हर जिले में 200 बेड का एक अस्पताल खोलने के लक्ष्य के तहत सेक्टर-9 में 45 करोड़ रुपए की लागत से 200 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। टोहाना में भी 138 करोड़ रुपए की लागत से 100 बेड के सात मंजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। हमने शिक्षा के क्षेत्र में भी इस जिले को अग्रणी बनाने के लिए कई नए संस्थान खोले हैं।

कनेक्टिविटी बढ़ाने का काम किया

उन्होंने कहा कि हमने इस क्षेत्र के विकास को तेजी देने के लिए इसकी कनेक्टिविटी को बढ़ाने का काम किया है। मंडी डबवाली-सिरसा-फतेहाबाद-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग यहीं से गुजर रहा है। इसी तरह हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन के बन जाने से इस क्षेत्र के लोगों को दिल्ली के लिए एक और रेल कनेक्टिविटी मिल गई है। हिसार में बन रहा महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट यहां से मात्र 35 किलोमीटर दूर है। इस तरह इस क्षेत्र को एयर कनेक्टिविटी भी मिल गई है।

अग्निवीरों को सरकार की सीधी भर्ती में आरक्षण देने का निर्णय

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने अग्निवीरों को हरियाणा सरकार की सीधी भर्ती में आरक्षण देने का निर्णय लिया है। इनको ग्रुप-बी और सी में सरकारी पदों के लिए निर्धारित अधिकतम आयु में भी 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी। यदि कोई अग्निवीर अपना उद्यम स्थापित करता है, तो सरकार उसे 5 लाख रुपए तक के ऋण पर ब्याज सहायता प्रदान करेगी।  उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछड़े वर्गों के लिए क्रीमिलेयर की आय सीमा 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपए कर दी गई है। इसके अलावा, हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत 84 लाख गरीबों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के काम करवाने की लिमिट 5 लाख रुपए से बढाकर 21 लाख रुपए कर दी गई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow