Advertisement
पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण को प्रमुख प्राथमिकता दी है। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत राज्य की वयस्क महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
हर महीने मिलेगी आर्थिक सहायता
सरकार के इस फैसले के अनुसार पंजाब की सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को अधिक सहायता देते हुए 1,500 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान किया गया है। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
97 फीसदी महिलाएं होंगी पात्र
वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि यह योजना बड़े स्तर पर लागू की जाएगी, जिसमें राज्य की लगभग 97 प्रतिशत वयस्क महिलाएं (18 वर्ष से अधिक) शामिल होंगी। हालांकि कुछ श्रेणियों को इससे बाहर रखा गया है, जिनमें मौजूदा या पूर्व सरकारी कर्मचारी, सांसद-विधायक और आयकर दाता शामिल हैं।
योजना के लिए ₹9,300 करोड़ का बजट
सरकार ने इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जारी
इसके अलावा राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी जारी रखने का फैसला किया है। इसके लिए बजट में 600 करोड़ रुपये रखे गए हैं। सरकार के अनुसार पिछले वर्ष महिलाओं ने लगभग 12 करोड़ मुफ्त बस यात्राएं कीं, जिससे उनकी आवाजाही और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी हुई है।
Read More
















