26 फरवरी को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत आ रहे हैं। ऐसे में कनाडा ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कनाडाई नेतृत्व का भारत दौरा प्रस्तावित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा के आव्रजन अधिकारियों ने राणा को इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया है। राणा फिलहाल भारत की जेल में बंद है।
नागरिकता आवेदन में दी थी गलत जानकारी
कनाडा के आव्रजन विभाग के अनुसार, तहव्वुर राणा ने 2000 में नागरिकता के लिए आवेदन करते समय गलत जानकारी दी थी। उसने दावा किया था कि वह पिछले चार वर्षों से ओटावा और टोरंटो में रह रहा है और केवल छह दिन के लिए कनाडा से बाहर गया था। जांच में यह दावा गलत पाया गया। विभाग का कहना है कि उस अवधि में राणा शिकागो में रह रहा था और वहीं उसकी व्यावसायिक गतिविधियां थीं। आव्रजन अधिकारियों ने धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित रिपोर्ट अदालत को भेज दी है। कनाडाई कानून के तहत नागरिकता रद्द करने का अंतिम फैसला न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।
26/11 मामले से जुड़ा नाम
तहव्वुर राणा पर 2008 के मुंबई हमलों की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं। इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी, जिनमें दो कनाडाई नागरिक भी शामिल थे। राणा पाकिस्तानी मूल का है और पूर्व में पाकिस्तान सेना से जुड़ा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि नागरिकता रद्द होने की स्थिति में राणा की कानूनी स्थिति पर असर पड़ सकता है। फिलहाल मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है और आगे का निर्णय अदालत के आदेश पर निर्भर करेगा।
Read More


