पंजाब के मोहाली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई स्कूलों को खाली करवा दिया।
11 बजे ब्लास्ट करने की चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में सुबह 11 बजे बम विस्फोट करने की बात कही गई। संदेश में मोहाली के स्कूलों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई। फेज-2 स्थित ज्ञान ज्योति स्कूल में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई। पुलिस टीमों ने स्कूल परिसर की गहन जांच शुरू कर दी।
CBSE की परीक्षाओं के बीच बढ़ी चिंता
सोमवार से ही CBSE की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। आज कक्षा 10वीं का गणित का पेपर निर्धारित था, जो सुबह साढ़े 10 बजे से होना था। ऐसे में इस धमकी ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस के अनुसार, कुल 16 स्कूलों को यह धमकी भरी ईमेल भेजी गई है। SP सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पांच एंटी-सबोटाज टीमें सक्रिय कर दी गईं। अन्य पुलिस बल भी जांच में जुटे हैं। गैर-जरूरी गतिविधियों को रोककर सुरक्षा जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पहले भी इसी प्रकार की ईमेल आई थी, जिसकी जांच में आईपी एड्रेस अमेरिका का पाया गया था, जबकि रिकवरी ईमेल एड्रेस बांग्लादेश का था। इस बार भी पूरा सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाया जा रहा है। SP ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
10 मिनट में खाली कराया स्कूल परिसर
ज्ञान ज्योति स्कूल की डायरेक्टर अनिता बेदी ने बताया कि जैसे ही सुबह साढ़े 8 बजे धमकी भरी मेल प्राप्त हुई, स्कूल की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। निर्धारित SOP के तहत कार्रवाई की गई।
डायरेक्टर के अनुसार, महज 10 मिनट के भीतर पूरा कैंपस खाली कर दिया गया और पुलिस को तत्काल सूचित किया गया।