Middle East Conflict: मध्य पूर्व में जारी ईरान-इजरायल संघर्ष के 21वें दिन ईरान को बड़ा झटका लगा है। इजरायली हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता अली मोहम्मद की मौत हो गई है। इस खबर की पुष्टि ईरान ने भी कर दी है। लगातार हो रहे हमलों के बीच यह घटना ईरान के लिए एक बड़ा नुकसान मानी जा रही है।
तेहरान पर इजरायल के हमले तेज
इस बीच तेहरान पर इजरायल के हमले तेज हो गए हैं। राजधानी में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनी जा रही हैं और कई इलाकों में भारी तबाही की खबरें सामने आ रही हैं। सामने आए वीडियो में भी बड़े धमाकों के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है।
ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर किए हमले
इससे पहले ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर हमले किए। दुबई, बहरीन, कुवैत और दुबई को निशाना बनाया गया। दुबई प्रशासन ने हमले की पुष्टि की है, जबकि बहरीन में एक गोदाम में आग लगने की घटना सामने आई है। इन हमलों को रोकने के लिए क्षेत्र में तैनात अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय है।
क्षेत्रीय रणनीतिक समीकरणों पर असर पड़ने की आशंका
संघर्ष के विस्तार के संकेत तब और साफ हुए जब इजरायल ने पहली बार कैस्पियन सागर के पास ईरान के नौसैनिक ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में मिसाइल जहाजों और कमांड सेंटर को भारी नुकसान पहुंचा है। यह इलाका रूस की सीमा के करीब स्थित है, जिससे क्षेत्रीय रणनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
ईरान ने अपना एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया
इधर, ईरान ने भी अपने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया है और इजरायली हमलों को नाकाम करने की कोशिश कर रहा है। Parchin Military Complex के आसपास बमबारी की खबरें आई हैं, जबकि करमन में IRGC के ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने की सूचना है।
मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंचा
लगातार बढ़ते हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के चलते पूरे मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो यह संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है, जिससे वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
Read More:

