ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने के बाद दक्षिण एशिया और यूरोप में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की किल्लत बढ़ गई है। भारत, नेपाल और बांग्लादेश जैसे देश इस संकट से निपटने के लिए कई कदम उठा चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान(Pakistan) इस संकट से नहीं बच पाया। इसके चलते प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्मार्ट लॉकडाउन लागू करने का बड़ा ऐलान किया है।
पाकिस्तान रेडियो की रिपोर्ट के अनुसार, शहबाज सरकार ने पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजारों, शॉपिंग मॉल और व्यावसायिक केंद्रों को रात 8 बजे बंद करने का फैसला किया है। यह निर्णय इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों की बचत और उनकी कम से कम खपत पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्मार्ट लॉकडाउन की घोषणा
प्रांतीय सरकार की सलाह के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा के संभागीय मुख्यालयों में बाजार और शॉपिंग मॉल रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं सभी सामान्य स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर और मॉल रात 8 बजे बंद होंगे। इसके अलावा बेकरी, रेस्तरां, मैरिज हॉल और टेंट जैसी व्यावसायिक जगहें, जहां शादी या अन्य समारोह होते हैं, रात 10 बजे बंद कर दी जाएंगी। निजी संपत्तियों में रात 10 बजे के बाद शादी समारोह पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
हालांकि, मेडिकल स्टोर और फार्मेसियों को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है। ये सभी नियम आज रात 8 बजे से लागू होंगे। स्मार्ट लॉकडाउन के साथ ही शहबाज सरकार ने गिलगित और मुजफ्फराबाद शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को एक महीने के लिए मुफ्त करने की भी घोषणा की है। इसका पूरा खर्चा सरकार वहन करेगी। इस बैठक में उप-प्रधानमंत्री इशाक डार, योजना और विकास मंत्री एहसान इकबाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।