लुधियाना के किला रायपुर में आयोजित ग्रामीण ओलंपिक 2026 का आज आखिरी दिन है। इस अवसर पर सबसे ध्यान खींचने वाली वाली प्रतियोगिता रही बैलगाड़ी दौड़ जो 12 साल के लंबे इंतजार के बाद पुनः आयोजित हुई। आज के दिन अन्य प्रतियोगिताओं में सर्कल कबड्डी, राष्ट्रीय अंडर-17 शैली की कबड्डी, शॉट पुट, दौड़, लंबी कूद और रस्साकशी जैसे खेल भी शामिल हैं।
शाम को विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा। इस समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद हैं। केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने बैलगाड़ी दौड़ के पुनः आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मान की तारीफ की।
लंबे समय से हो रही थी मांग
CM भगवंत सिंह मान ने समारोह में कहा कि, “जब मैं छोटा था, तो 7:30 बजे की खबरों में किला रायपुर की घटनाएं देखी जाती थीं। आज मुझे यहाँ आकर बहुत खुशी हो रही है। लंबे समय से यह मांग उठ रही थी और हमने सरकार में आकर इसे कानून का रूप दिया।” उन्होंने बताया कि मैदान में दौड़ने वाले एक बैल की उम्र 20 साल है और उसकी देखभाल उन्हें वर्षों से बच्चों की तरह करते आ रहे हैं।
CM मान ने सभी ग्रामीणों को एकता बनाए रखने की सलाह दी और कहा, “गांवों में एकता रखो, वोट के समय चाहे किसी के साथ रहो, लेकिन गांव में सब एक साथ रहो। अब पार्टियों के नाम पर अलग-अलग टूर्नामेंट नहीं होने चाहिए।” उन्होंने हलवारा एयरपोर्ट का नाम बदलकर करतार सिंह सराभा एयरपोर्ट रखने की पहल का भी जिक्र किया।
इंटरनेशनल लेवल के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर हो रहे तैयार
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले आम आदमी क्लिनिक में इलाज उपलब्ध है और अगर वहां नहीं हुआ तो 10 लाख रुपए का कार्ड मिलेगा।
अब कोई यह नहीं कह सकेगा कि इलाज की कमी से बुजुर्गों की मृत्यु हुई। हम इंटरनेशनल लेवल के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर रहे हैं। मैं स्वयं खेलों का प्रेमी हूं और खिलाड़ियों को सभी आवश्यक साधन उपलब्ध करवा रहे हैं।