पंजाब के तरन तारन जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वे सिद्धू फार्म में अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में शामिल थे।
हमलावरों ने चलाईं गोलियां
हमलावरों ने हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों के अनुसार, वहां चार हमलावर मौजूद थे, जिनमें से एक के पास एके-47 जैसा हथियार था। फायरिंग होते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
चचेरा भाई भी गोली लगने से घायल
जब हरबिंदर सिंह के चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, तो उसे भी गोली मार दी गई। गोली उसके पेट में लगी है। उसे तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिलहाल इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुरिंदर लांबा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सरहाली थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। हरबिंदर सिंह गांव ठट्टियां महंतां के सरपंच थे और उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 11 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Read More
जींद के उचाना पहुंचे CM नायब सिंह सैनी, ₹103 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

