पारदर्शी तरीके से युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरियां: नायब सिंह सैनी

Jul 19, 2024 - 11:07
 32
पारदर्शी तरीके से युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरियां: नायब सिंह सैनी
पारदर्शी तरीके से युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरियां: नायब सिंह सैनी

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़:

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में पारदर्शी तरीके से युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और प्रदेश में एक ऐसा वातावरण तैयार हुआ है जिसमें गरीब के बच्चे भी अब एचसीएस ऑफिसर व पुलिस विभाग में इंसपेक्टर के पदों पर नियुक्त हो रहे हैं। 

प्रदेश में बदले इस वातावरण से युवाओं में एक आस जगी है कि अब उन्हें मेहनत के बल पर सरकारी नौकरी मिल सकती है, जिसके लिए वे कड़ी मेहनत के साथ-साथ कोचिंग सेंटरों में भी ट्रेनिंग ले रहे हैं और यह विश्वास जगा है कि अब लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति को भी जीवन में आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर भी कड़ा प्रहार किया गया है। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर बड़े से बड़े अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जा रहा।

स्कूलों में किया बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से शिक्षा की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ स्कूलों में भी बड़ा बदलाव करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में अच्छे शिक्षक होते हैं क्योंकि वे कई टेस्ट पास करके अध्यापक बनते हैं। 

सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जा रहा है और केंद्र सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति बनाई गई है। हरियाणा सरकार भी नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन कर रही है। 

हर 20 किलोमीटर पर खोला महिला कॉलेज

बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 किलोमीटर के क्षेत्र में एक महिला कॉलेज की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान प्रदेश में करीब 35 महिला कॉलेज खोले गए हैं ताकि बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर न जाना पड़े और वे शिक्षा से वंचित न रहें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow