Punjab : पाकिस्तान की नापाक हरकत फिर नाकाम, तरन तारन में सुरक्षाबलों ने खेतों से की करीब 4 किलो हेरोइन बरामद
पंजाब के तरन तारन जिले में सीमापार नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है।
पंजाब के तरन तारन जिले में सीमापार नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान गांव कालियां के खेतों से 3 किलो 925 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसे ड्रोन के जरिए भारत भेजे जाने की आशंका है।
खुफिया सूचना पर चला संयुक्त ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें ड्रोन के जरिए नशा गिराए जाने की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद BSF के साथ मिलकर इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। सर्च के दौरान खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन गिरा हुआ मिला, जिसके साथ प्लास्टिक में लिपटी भारी मात्रा में हेरोइन बंधी हुई थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी, जिसे आगे किसी स्थानीय नेटवर्क द्वारा रिसीव किया जाना था।
सीमापार नेटवर्क की तलाश तेज
इस मामले में थाना वल्टोहा में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीमापार बैठे तस्करों, उनके भारतीय संपर्कों और पूरी सप्लाई चेन की पड़ताल शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ड्रोन को कहां से उड़ाया गया था और इसका रिसीवर कौन था।
ड्रोन और नशे की फॉरेंसिक जांच
DGP गौरव यादव ने जानकारी दी कि हम प्रदेश में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, इसी कड़ी में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान गांव कालियां के खेतों से 3 किलो 925 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जिसे पाकिस्तान से भारत में भेजने की कोशिश की जा रही थी। इसके अलावा पुलिस ने बरामद ड्रोन और नशीले पदार्थ को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह बेनकाब करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
What's Your Reaction?