इजरायल के साथ चल रहे युद्ध के बीच ईरान की संसद ने रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का फैसला किया। ईरान के इस कदम से तेल की कीमतों में भारी इजाफा हो सकता है। ईरान के इस फैसले पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कच्चे तेल का एक बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से नहीं आता है।
पुरी ने कहा कि हमारी कंपनियों के पास कई हफ्तों का तेल है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि हमारी कंपनियों को कई अन्य रास्तों से आपूर्ति मिल रही है। उन्होंने कहा कि भारत में हर दिन खपत होने वाले 55 लाख बैरल कच्चे तेल में से करीब 15-2 लाख होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है। हम करीब 40 लाख बैरल दूसरे रास्तों से आयात करते हैं। हमारी तेल विपणन कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक है।
पुरी ने कहा कि ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व के हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ईरान का यह फैसला अमेरिकी हमले के बाद आया है। हालांकि इस मामले में अंतिम फैसला ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई लेंगे।
20-21 मिलियन बैरल क्रूड ऑयल ट्रांजिट होता है
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां हर दिन 20-21 मिलियन बैरल कच्चे तेल का परिवहन होता है। भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया जैसे अधिकांश एशियाई देशों को इसी रूट से तेल मिलता है। इसके बंद होने का सीधा असर भारत पर भी पड़ सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ सकता है। इसके दाम भी आसमान छू सकते हैं।
लेकिन हरदीप सिंह पुरी का कहना है कि भारत पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि भारतीय कंपनियों को कई अन्य रूट से कच्चे तेल की आपूर्ति हो रही है और कंपनियों के पास कई हफ्तों का स्टॉक है।
दूसरी ओर, अगर विकल्पों की बात करें तो सऊदी अरब और यूएई जैसे कुछ विकल्प हैं, लेकिन उनकी क्षमता सीमित है और लागत ज्यादा है। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव की वजह से तेल की कीमतों में 10-19 फीसदी तक का उछाल देखने को मिला है। तेल आपूर्ति में व्यवधान से महंगाई बढ़ सकती है और वैश्विक अर्थव्यवस्था संकट में पड़ सकती है।
होर्मुज स्ट्रेट बंद करना ईरान की गलती होगी- रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रुबियो ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना ईरान की बहुत बड़ी गलती होगी। अगर ईरान ऐसा करता है तो यह उसके लिए आर्थिक आत्महत्या होगी। इससे निपटने के लिए हमारे पास विकल्प मौजूद हैं। रुबियो ने आगे कहा कि मैं चीन से आग्रह करता हूं कि वह ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने से रोके।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान को परमाणु ऊर्जा संयंत्र चलाने की अनुमति दी जाएगी। लेकिन अमेरिका उसे परमाणु ईंधन को समृद्ध करने की अनुमति नहीं देगा।














