Tuesday, March 3, 2026
Home Current News कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, तीनों आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, तीनों आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज के अंदर एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घटना 25 जून की शाम 7:30 बजे से 10:50 बजे के बीच कॉलेज परिसर में हुई। पीड़िता की शिकायत पर कस्बा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक पूर्व छात्र और दो मौजूदा छात्र शामिल हैं।

आरोपियों की हुई पहचान

आरोपियों की पहचान कॉलेज के पूर्व इकाई अध्यक्ष मोनोजीत मिश्रा (31 वर्ष), जैब अहमद (19 वर्ष) और प्रमित मुखर्जी उर्फ ​​प्रमित मुखोपाध्याय (20 वर्ष) के रूप में हुई है। मिश्रा और अहमद को 26 जून की शाम को तालबगान क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। प्रमित को 27 जून की सुबह 12:30 बजे उसके घर से पकड़ा गया। तीनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। अदालत ने तीनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

कॉलेज परिसर में ही हुई घटना

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कथित सामूहिक बलात्कार की यह घटना कॉलेज भवन के अंदर ही हुई। पीड़िता का प्रारंभिक मेडिकल परीक्षण कराया गया है और कई गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और अब फोरेंसिक जांच का इंतजार है।

तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को गुरुवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने 14 दिन की हिरासत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने उन्हें अगले मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

ममता सरकार पर विपक्ष का तीखा हमला

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “रथ यात्रा में पूरी कोलकाता पुलिस को दीघा भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री को अब अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। हम इस मुद्दे को उठाएंगे।”

भाजपा नेता अमित मालवीय का आरोप- ‘टीएमसी से जुड़ा एक व्यक्ति भी शामिल’

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना को ‘भयावह’ बताते हुए कहा कि इसमें पूर्व छात्र और कॉलेज के दो कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के किसी सदस्य की भी भूमिका हो सकती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल पर महिलाओं के लिए “दुःस्वप्न” बनने का आरोप लगाया।

मेयर फिरहाद हकीम ने क्या कहा

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने इस घटना को “बेहद गंभीर” बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी मामले की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस से रिपोर्ट मिलने के बाद वह बयान देंगे।