Tuesday, March 3, 2026
Home Current News रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ, क्या हैं दूसरे दिन के...

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ, क्या हैं दूसरे दिन के विशेष कार्यक्रम जाने

Advertisement

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर 11 जनवरी से लेकर 13 जनवरी तक भव्य व दिव्य आयोजन किया जा रहा है। पिछले साल 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, लेकिन इस साल पंचांग और तिथि के अनुसार वर्षगांठ का समारोह 11 जनवरी को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विशेष पूजा, हवन, मंत्रोच्चारण और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

पहले दिन की गतिविधियाँ

कल, 11 जनवरी को रामलला की महाआरती, अभिषेक और श्रृंगार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद कार्यक्रम तीन दिन तक चलेगा, जिसमें हवन, मंत्र उच्चारण और पाठ का आयोजन होगा।

दूसरे दिन के विशेष कार्यक्रम

12 जनवरी को दूसरे दिन का कार्यक्रम सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो गया। इस दिन यजुर्वेद के 40 अध्यायों का पाठ किया जाएगा, साथ ही अग्नि देवता को आहुति दी जाएगी। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक राम जन्मभूमि परिसर में 6 लाख श्री राम मंत्रों का जाप किया जाएगा। इसके अलावा हनुमान चालीसा, पुरुष सूक्त, श्री सूक्त, आदित्य हृदय स्त्रोत और राम रक्षा स्त्रोत का भी पाठ किया जाएगा। प्रार्थना मंडप में भगवान के राग सेवा का आयोजन भी होगा, जो 5 बजे तक चलेगा। मंदिर परिसर में रामलला के सामने बधाई गीत गाए जाएंगे, जो शाम 6 बजे से 9 बजे तक होंगे।

संगीतमय मानस पाठ और प्रवचन

यात्री सुविधा केंद्र के पहले तल पर तीन दिवसीय संगीतमय मानस पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। अंगद टीला पर प्रभु श्री राम के जीवन पर प्रवचन होंगे, जिसे जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य प्रस्तुत करेंगे।

भजन संध्या: मशहूर कलाकारों का संगम

शाम 5:30 बजे से लेकर 8:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी, कवि कुमार विश्वास, भजन गायिका अनुराधा पौडवाल और कविता पौडवाल जैसे दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस भजन संध्या में श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो जाएंगे।