US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शांति समझौते को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने गुरुवार (11 जून) को कहा कि ईरान के साथ समझौते से जुड़े अहम पॉइंट्स को मंजूरी मिल चुकी है और दोनों देशों के बीच पीस डील इसी सप्ताह हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट को खोल दिया जाएगा, लेकिन तब तक नाकाबंदी जारी रहेगी।
ओवल ऑफिस में ट्रंप का बयान
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘हमने ईरान के साथ युद्ध का एक शानदार समझौता कर लिया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘समझौते पर हस्ताक्षर होते ही होर्मुज स्ट्रेट आधिकारिक तौर पर खुल जाएगा, जो बहुत जल्द हो सकता है, शायद यूरोप में इस सप्ताह के आखिरी तक।’ ट्रंप ने संकेत दिया कि समझौते की जगह और समय की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
कई देशों के नेताओं से बातचीत का दावा
ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत और अन्य देशों के नेताओं से बातचीत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन से भी बातचीत करेंगे।
परमाणु पर भी बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते के जरिए ईरान के परमाणु हथियार विकसित करने की आशंका को भी खत्म किया जा सकेगा। ट्रंप ने कहा, ‘सबसे अहम बात यह है कि हमारे पास एक ऐसा समझौता है, जिसके तहत ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा और यही इस समझौते को हासिल करने का हमारा पूरा मकसद था। इसलिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि
है।’
ईरान ने दावे पर जताई सावधानी
हालांकि ट्रंप के इस दावे के बाद ईरान की ओर से अलग तस्वीर सामने आई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ किया कि तेहरान ने अभी तक समझौते पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इससे दोनों पक्षों के बयानों में साफ अंतर दिखाई दे रहा है।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान ने समझौते पर अंतिम फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा कि ‘संबंधित अधिकारियों द्वारा समझौते के ड्रॉफ्ट के बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद, ईरान सरकार औपचारिक घोषणा करेगी।’
क्या है मौजूदा स्थिति?
फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समझौते को लगभग अंतिम रूप दिया जाना बता रहे हैं, जबकि ईरान का कहना है कि प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में दोनों देशों की ओर से आधिकारिक घोषणा होने तक पीस डील को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में वार्ता किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या दोनों पक्ष वास्तव में किसी अंतिम समझौते तक पहुंचते हैं।
Read More:

