Lucknow Airport Emergency Landing: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग से अफरा-तफरी मच गई। Flydubai की फ्लाइट संख्या FZ-1133, जो दुबई से काठमांडू जा रही थी, उसे कम ईंधन के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 8 बजकर 22 मिनट पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में सवार सभी 154 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कम ईंधन बना आपात स्थिति की वजह
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में ईंधन का स्तर कम हो गया था, जिसके चलते पायलट को तत्काल लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर खड़ा है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल बढ़ गई, हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
हाल ही में भी हुई थी ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब लखनऊ एयरपोर्ट पर किसी उड़ान को आपात स्थिति में उतारा गया हो। इससे पहले 31 मार्च को Air India Express की एक फ्लाइट को भी धुएं की चेतावनी मिलने के बाद यहां उतारना पड़ा था। यह उड़ान बागडोगरा से दिल्ली जा रही थी।
पैन-पैन कॉल देकर दी थी जानकारी
उस घटना में पायलट ने ‘मेड-डे’ के बजाय ‘पैन-पैन’ कॉल जारी कर स्थिति की गंभीरता की जानकारी दी थी। विमान के एवियोनिक्स बे, जहां महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होते हैं, वहां धुआं देखा गया था। इसके बाद सावधानी बरतते हुए फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया था। उस उड़ान में 148 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
एयरलाइन ने जताया खेद
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उस समय बयान जारी कर कहा था कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए फ्लाइट को डायवर्ट किया गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। लैंडिंग के बाद यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया और उन्हें दूसरी उड़ानों के जरिए गंतव्य तक भेजा गया। साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी गई थी।
Read More:
अब आपकी राय से बदलेगी दिल्ली मेट्रो! DMRC ने शुरू किया बड़ा सर्वे, जानें कैसे दे सकते हैं अपना सुझाव

