UP Health Sector: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और किफायती बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में मेडिकल डिवाइस पार्क और फार्मा पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे इलाज से जुड़े उपकरण और दवाएं देश में ही तैयार की जा सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन पार्कों के जरिए मरीजों को सस्ती दर पर इलाज उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। आईआईटी के इंजीनियर और डॉक्टर मिलकर शोध करेंगे और उसके आधार पर मेडिकल डिवाइस तैयार की जाएंगी, जिनका उत्पादन प्रदेश में ही किया जाएगा।
10 साल में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में बड़ा इजाफा
सीएम योगी ने बताया कि पिछले एक दशक में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। जहां 10 साल पहले राज्य में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से दो एम्स सहित कई संस्थानों का संचालन हो रहा है। इसके अलावा हर जिले में आईसीयू की सुविधा विकसित की गई है और कई अस्पतालों को कैथलैब से लैस किया गया है।
टेलीमेडिसिन और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार
राजधानी लखनऊ के प्रमुख संस्थानों जैसे SGPGI, KGMU और लोहिया संस्थान में टेली आईसीयू और टेली कंसल्टेंसी सेवाओं का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों का तेजी से निर्माण हो रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार विकल्प मिल रहे हैं।
‘बीमारू’ की छवि से बाहर आया यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से बाहर निकल चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री राहत कोष से करीब 1400 करोड़ रुपये इलाज के लिए दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक की सहायता मिल रही है। जिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिला, उन्हें राज्य की मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ा गया है।
जागरूकता और बचाव पर जोर
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि केवल इलाज ही नहीं, बल्कि बीमारियों की रोकथाम और जागरूकता पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों को चिंता का विषय बताते हुए कहा कि समय रहते सावधानी और जागरूकता से कई समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले इलाज के खर्च को लेकर परिवारों को बड़ी चिंता होती थी, लेकिन अब सरकारी योजनाओं के कारण लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है।
विकसित भारत के लक्ष्य की ओर कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करने की ओर बढ़ रहा है, तब एक मजबूत और स्वस्थ भारत का निर्माण जरूरी है। स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास उसी दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।
Read More:

