विवाह समारोह के दौरान सिंधु फार्म में घुसकर गांव ठठिया महंता के सरपंच गुरबरिदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कस्बा नौशहरा पनुआ के नजदीक बाइक सवार दो संदिग्धों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों शूटर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाकाबंदी के दौरान चली गोलियां
मौके पर पहुंचे SSP सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सरपंच हत्या मामले में चार लोगों के नाम सामने आए थे। सूचना मिली थी कि शरणप्रीत सिंह निवासी चोहला साहिब अपने साथी हरदीप सिंह के साथ बाइक पर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने एजीटीएफ की टीम के साथ मिलकर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान दोनों संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। बाद में उनकी पहचान शरणप्रीत सिंह और हरदीप सिंह के रूप में हुई।
शरणप्रीत सिंह मुख्य आरोपियों में शामिल
एसएसपी ने बताया कि शरणप्रीत सिंह सरपंच हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में शामिल है और वह गोली चलाने वाले तीन शूटरों में से एक था। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
विदेश में बैठे आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, विदेश में बैठे लखबीर सिंह हरिके और सत्ता नौशहरा भी इस साजिश से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सरपंच हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Read More


