पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी को लेकर घमासान मच गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा की एक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इस बयान को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा रुख अपनाया है और अब बाजवा के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलने की तैयारी में है। AAP बाजवा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रही है।
क्या है पूरा विवाद?
जंडियाला गुरु में आयोजित एक जनसभा के दौरान प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने मंत्री के पिता के पेशे का जिक्र करते हुए कहा कि हरभजन सिंह पहले “बैंड बजाने वालों” से जुड़े रहे हैं और अब उनकी “बैंड बजाई जाएगी”। बाजवा ने आरोप लगाया कि मंत्री ने अपने विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है और उनके पास इससे जुड़े सबूत मौजूद हैं।
इतना ही नहीं, बाजवा ने आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली से जुड़े नेता पंजाब को लूट रहे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से लेकर अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।
हरभजन सिंह ईटीओ ने दिया करारा जवाब
बाजवा के बयान पर मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें अपने पिता के पेशे पर गर्व है। हरभजन सिंह ने कहा, “मेरे पिता ने मेहनत से काम किया, कोई गलत धंधा नहीं किया। मैं अपनी काबिलियत से पीसीएस परीक्षा पास कर यहां तक पहुंचा हूं।”
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग विशेषाधिकार के साथ पैदा हुए हैं, वही इस तरह की सोच रखते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मेहनतकश वर्ग को अपने बच्चों को आगे बढ़ाने का पूरा हक है। हरभजन सिंह ने यह भी दावा किया कि इस तरह के बयान कांग्रेस की घबराहट दिखाते हैं और 2027 के चुनाव में दलित समाज इसका जवाब देगा।
AAP ने बताया दलित विरोधी सोच
इस मुद्दे पर AAP ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। पार्टी नेता हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि प्रताप सिंह बाजवा का बयान दलित और मेहनतकश समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह ईटीओ ने गरीबी से निकलकर अपनी मेहनत से ऊंचा मुकाम हासिल किया, सिविल सर्विसेज पास की और समाज सेवा के लिए राजनीति में आए। चीमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पुरानी आदत रही है कि वह दलित नेताओं को निशाना बनाती है और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदर्शन और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
AAP ने प्रताप सिंह बाजवा से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की थी। हरपाल चीमा ने साफ कहा था कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो पार्टी कानूनी कदम उठाएगी। इसको लेकर AAP ने 9 फरवरी को बाजवा के चंडीगढ़ स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन जारी है।
यह भी पढ़ें : तरन तारन के लॉ कॉलेज में छात्रा को मारी गोली, हत्या करने वाला फर्स्ट ईय…

