बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब हर मैच एक खास श्रद्धांजलि के साथ शुरू होगा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान 11 सीटें हमेशा उन 11 लोगों की याद में खाली रखी जाएंगी, जिन्होंने पिछले साल भगदड़ में अपनी जान गंवाई थी।
यह पहल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने मिलकर की है, ताकि उस दर्दनाक घटना की स्मृति को सम्मान दिया जा सके।
हर मैच से पहले श्रद्धांजलि
4 जून 2025 को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को याद करते हुए अब स्टेडियम के एंट्री गेट पर एक स्मारक पट्टिका लगाई जाएगी।
इसके साथ ही हर मैच से पहले पीड़ितों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें हिस्सा लेंगी। यह परंपरा IPL ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल मैचों में भी जारी रहेगी।
‘याद रखना जरूरी है’
KSCA के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने इस पहल की पुष्टि करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद थी, लेकिन पीड़ितों को सम्मान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि काफी समय से इस तरह के स्मारक पर विचार चल रहा था और अब इसे अमल में लाया जा रहा है।
हिल्सबरो मेमोरियल से प्रेरणा
स्टेडियम में बनने वाला यह स्मारक इंग्लैंड के मशहूर हिल्सबरो मेमोरियलl की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। यह मेमोरियल लिवरपूल एफसी के 97 फैंस की याद में बनाया गया था, जिनकी मौत हिल्सबरो हादसे में हुई थी।
हादसे के बाद लगे थे प्रतिबंध
भगदड़ के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके चलते यहां मैचों पर रोक लगा दी गई थी। यहां तक कि ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले भी बेंगलुरु से हटाकर अन्य शहरों में शिफ्ट किए गए थे। हालांकि, हाल ही में स्टेडियम को फिर से मैचों के आयोजन की मंजूरी मिल गई है।
IPL 2026 का आगाज
अब 28 मार्च को इसी मैदान पर RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 का ओपनिंग मैच खेला जाएगा, जहां खेल के साथ-साथ उन 11 जिंदगियों को भी याद किया जाएगा, जो इस दुनिया से बहुत जल्द चली गईं। यह पहल सिर्फ एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक याद दिलाने वाला कदम है कि जश्न के बीच भी इंसानी जिंदगी सबसे अहम होती है।
READ MORE: US-Iran के बीच दादा बन रहा था पाकिस्तान, तालिबान ने चौकियों को तबाह कर दिखाई औकात

