राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल में तारा देवी, संकट मोचन मंदिर के दर्शन किए

हिमाचल प्रदेश की पांच दिवसीय यात्रा पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को प्रसिद्ध तारा देवी मंदिर और संकट मोचन मंदिर में दर्शन किए।

मुर्मू अपने परिवार के सदस्यों और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के साथ, यहां से लगभग 17 किलोमीटर दूर काफी ऊंचाई पर स्थित तारा देवी मंदिर के दर्शन करने गईं।

वह मंदिर में लंगर (भंडारे) में खाना खाने वाली देश की पहली राष्ट्रपति भी बनीं। मंदिर समिति ने उन्हें मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट किया।

इससे पहले, उन्होंने संकट मोचन मंदिर के दर्शन किए और इसके इतिहास में गहरी रुचि ली।

राज्यपाल ने उन्हें ‘राम दरबार’ की मूर्ति भेंट की।

उन्हें मंदिर के इतिहास के बारे में भी जानकारी दी गई।

इन मंदिरों में मंगलवार और रविवार को बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन आज प्रवेश प्रतिबंधित होने के कारण भीड़ नहीं थी।