राज कुमार आनंद के दिल्ली स्थित आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मंत्रिमंडल एवं पार्टी से इस्तीफा देने वाले राज कुमार आनंद के पटेल नगर स्थित आवास के बाहर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।

आप कार्यकर्ता अंकुश नारंग ने कहा, “पिछले चार साल से आनंद ‘आप’ के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने उन लोगों से कई विकास परियोजनाओं का वादा किया था, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था। उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”

आनंद पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उन्होंने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवेश रत्न को हराकर जीत हासिल की थी।

नारंग ने कहा, “आज आप के कई कार्यकर्ताओं और यहां तक कि पटेल नगर के निवासियों ने भी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हमारे कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।”