एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में पुलिस विभाग की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि “अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की गई। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए गए. साथ ही किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए। वहीं अच्छा काम करने वाले पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी होगी।” सीएम ने कहा कि बजट सत्र के दौरान अवैध इमिग्रेशन के खिलाफ कानून लाया जाएगा। बैठक में डीजीपी, होम सेक्रेटरी, एडीजीपी के अलावा सभी रेंज के आईजी भी मौजूद थे।
‘अपराध कम होना संतुष्टि का विषय’
सीएम ने मीडिया से बात रखते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध दर में कमी हुई है। बीते साल के साथ तुलना करें तो अपराध में कमी आई है। अपराध का कम होना संतुष्टि का विषय है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में राज्य में कमी दर्ज हुई है। इसी तरह साइबर क्राइम में भी अच्छा काम हुआ है।
अपराध रोकने के लिए पुलिस को फ्री हैंड
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 3350 गांव और 876 वार्ड को नशा मुक्त करने का अभियान पुलिस ने चलाया है। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा पुलिस को गृह मंत्रालय ने प्रथम पुरस्कार दिया है। सीएम ने कहा कि मैंने हरियाणा पुलिस को अपराध रोकने के लिए फ्री हैंड दिया गया है। नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाते हुए साल 2025 तक 70 प्रतिशत गांव को नशा मुक्त किया जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विदेशों में बैठे अपराधियों पर होगी कार्रवाई
विदेश से अपराध का नेटवर्क चलाने वालों पर सीएम ने कहा कि यह मामला इंटरनेशनल है। इस पर समय-समय पर अधिकारी अपडेट करते हैं। विदेश में रहकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों और उनको यहां से मदद करने वाले लोगों और गुर्गे के खिलाफ मुहिम चला कर अपराध की रीड की हड्डी तोड़ने का काम करने का निर्देश पुलिस को दिया गया है। ऐसे मामलों में पुलिस को जिन भी संसाधनों की आवश्यकता है, वह सरकार की ओर से मुहैया करवाई जाएगी।
नूंह में पुलिस बटालियन की होगी स्थापना
सीएम ने कहा कि अवैध इमीग्रेशन को लेकर सरकार कानून बनाएगी। आगामी बजट सत्र में इसको लेकर नया कानून लाया जाएगा। नूहं जिला में कानून व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए हरियाणा पुलिस एक बटालियन स्थापित की जाएगी। नूंह में इसके लिए जमीन आवंटन को लेकर पुलिस अधीक्षक और डीसी को एक रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
रोहिंग्यों की पहचान कर भेजेंगे वापस
रोहिंग्या के मामले में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि रोहिंग्या या बांग्लादेश से आए हुए लोगों को चिह्नित करेंगे। ऐसे लोग कहां-कहां पर बैठे हैं, उन लोगों को चिह्नित करके उनकी लिस्ट बनाई जाएगी। इसके बाद उनको लेकर निर्णय करना है, उन्हें वापस भेजने का काम किया जाएगा।
