महिलाओं की सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के लिए सरकार कृतसंकल्प: सरवीण चौधरी

धर्मशाला:- महिलाओं की सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित बनाने के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है। यह उद्गार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने शुक्रवार को सत्तोवरी के इंद्रप्रस्थ में राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय राज्य महिला आयोगों की परिसंवाद बैठक का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संकट की घड़ी में सुरक्षा प्रदान करने की शक्ति बटन ऐप की सुविधा प्रदान की है इस ऐप को मोबाइल पर गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप के माध्यम से संकट की घड़ी में ऐप का लाल बटन दबाकर पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि शक्ति बटन की यह विशेषता है कि यह ऐप इंटरनेट कनेक्टिविटी के बिना भी चलती है। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि घरेलू हिंसा के मामलों से भी तत्परता के साथ निपटा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की कन्याओं के विवाह हेतु 3100 रूपये की आर्थिक सहायता भी राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए शादी से दो महिने पहले तथा शादी के छह महीने बाद आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटी है अनमोल योजनाओं का भी सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग भी महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं का उचित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्व है। सरवीण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के मार्गदर्शन से राज्य में महिलाओं के उदार हेतु विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं व गुड़िया हेल्पलाइन 1500 व वुमेन हेल्पलाइन 181 के तहत महिलाओं की सभी शिकायतों का निवारण तीव्रता से किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य महिला आयोग द्वारा भी महिलाओं से सम्बन्धित शिकायतों का निवारण समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इससे पहले राज्य महिला आयोग की सदस्य इंदूबाला ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए दो दिवसीय बैठक के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में देश के 15 राज्यों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सदस्य सचिव उपस्थित भाग ले रही हैं। इस अवसर पर सदस्य सचिव मीता राजीव लोचन ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव एकता काप्टा भी उपस्थित रहीं।

धर्मशाला:- राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राज्य महिला आयोगों की परिसंवाद बैठक के तकनीकी सत्र में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए देश भर में वूमेन पार्लियमेंट के आयोजन का प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड का दौर खत्म होने की स्थिति में मार्च या अप्रैल माह में वूमेन पार्लियमेंट आयोजित की जा सकती है इस के लिए तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि वूमेन पार्लियमेंट में स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न महिलाओं को जोड़ा जाएगा जिसमें महिलाओं को हैंडीक्राफ्ट के बारे में जानकारी दी जाएगी इसके साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को ई-हॉट सुविधा के साथ भी जोड़ा जाएगा ताकि महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। उन्होंने सभी राज्य महिला आयोगों से आग्रह करते हुए कहा कि प्रशिक्षण हेतु क्षेत्रीय भाषाओं में पाठ्यक्रम तैयार करें। उन्होंने राज्य महिला आयोगों से यह भी आग्रह किया कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा अग्रेषित शिकायतों पर की गई कार्यवाही बारे राष्ट्रीय महिला आयोग को सूचना भेजना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर घरेलू हिंसा इत्यादि के मामलों से निपटने के लिए भी विभिन्न राज्यों के आयोगों के सदस्यों ने अपने अपने सुझाव दिए।