दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से लोगों को मिली बड़ी राहत, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर दिया अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से थोड़ी राहत मिली है। मंगलवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की वजह से तापमान में भी गिरावट हुई है।

दिल्ली में बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा था। लेकिन मंगलवार को इसमें गिरावट के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 3 ज्यादा 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 16 अप्रैल तक यह राहत बरकरार रहेगी।

आईएमडी के महानिदेशक आरके जेनामणि का कहना है कि दो पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाले हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश या गरज के साथ बारिश होने के आसार नहीं हैं। बादल छाए रहने के कारण दिल्ली के तापमान में गिरावट होगी।

मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान ठंडी हवाएं भी चलेंगी। इसके बाद फिर से तापमान के साथ-साथ गर्मी में इजाफा होगा और लू चलने की संभावना रहेगी। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप भी निकलेगी।